चौबीस खंबा मंदिर में कलेक्टर सिंह ने अष्टमी पर नगर पूजा की

 

उज्जैन। आज शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी का पर्व मनाया जा रहा है। चौबीसखंबा माता मंदिर पर परंपरानुसार कलेक्टर आशीषसिंह ने माता महामाया और महालया को मदिरा का भोग अर्पित कर नगर पूजा की शुरुआत की। इसके बाद राजस्व विभाग के अधिकारी, कोटवारों का दल शहर के 40 देवी और भैरव मंदिरों में पूजन-अर्चन के लिए निकला। शाम तक शहर के 27किलोमीटर लंबे मार्ग पर मदिरा की धार लगाई जाएगी। रात 8 बजे अंकपात स्थित हांडीफोड़ भैरव मंदिर पर नगर पूजा का समापन होगा।सुख-समृद्धि की कामना को लेकर सम्राट विक्रमादित्य ने नगर पूजा की शुरुआत की थी। इस परंपरा का निर्वाह आज भी किया जा रहा है।सुबह 8 बजे चौबीस खंबा माता मंदिर पर ढोल-नगाड़ों के साथ माता की पूजन-आरती की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्त मौजूद थे। माता को मदिरा का भोग लगाने के बाद इसे प्रसाद के रूप में वितरित किया।

B

कलेक्टर भी कुछ दूर चले मदिरा पात्र लेकर

माता को मदिरा का भोग लगाने के बाद कलेक्टर भी कुछ दूर तक मदिरा से भरे पात्र को लेकर पैदल चले। इसके बाद पात्र को राजस्व अधिकारियोंं को सौंप दिया। नगर पूजा में सबसे आगे चार ढोल, पीछे धर्म ध्वजा के साथ पात्र में भरी मदिरा से धार लगाते चल रहे थे। इसके साथ ही मंदिरों में भोग के रूप में भजिए, पूरी, भिगोए हुए गेहूं व चने अर्पित किए जा रहे हैं। देवी मंदिरों में श्रृंगार सामग्री अर्पित की जाएगी। सुबह 8 बजे से शुुरू हुई नगर पूजा का समापन रात 8 बजे होगा। यह पूजन लगातार 12घंटे तक चलता है।

A

घर-घर में कुलदेवी का पूजन, कन्याभोज के आयोजन

आज महाअष्टमी पर घरों में भी कुलदेवी-देवता का पूजन किया जा रहा है। परंपरानुसार पैतृक निवास पर यह पूजन किया जाता है। पूरा कुंटुब इसमें शामिल होता है। कुलदेवी पूजन के साथ ही कन्याभोज के आयोजन भी किए जा रहे हैं। देवी मंदिरों में भी हवन-अनुष्ठान चल रहा है। आज माता मंदिरों में भी सुबह से ही दर्शनों के लिए भक्त बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।

शक्तिपीठ हरसिद्धि मंदिर में दोपहर में शासकीय पूजन

शक्तिपीठ हरसिद्धि माता मंदिर में महाअष्टमी पर दोपहर 12 बजे कलेक्टर आशीषसिंह व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने माता हरसिद्धि की पूजा की। माता हरसिद्धि को सौभाग्य सामग्री, साड़ी, श्रीफल, मिष्ठान आदि अर्पित कर पूजा-अर्चना की। यह पूजा शासन की ओर से प्रतिवर्ष की जाती है। मंदिर में हवन अनुष्ठान भी किया जा रहा है।